गुरुवार, 25 अक्टूबर 2012

ध्रुव गाथा - एक मधुर काव्य-यात्रा


श्रीमती गिरिजा कुलश्रेष्ठ का परिचय उनकी कवितायें, लघुकथायें, संस्मरण, उपन्यास और कहानियाँ हैं. उनकी रचनायें चाहे जिस भी विधा में हों, अपनी एक अलग ही पहचान रखती हैं. उनकी समस्त रचनाओं में सामाजिक सरोकार को इतनी कोमलता से दर्शाया गया है कि वे कहीं से भी चीखती-चिल्लाती हुई ध्यानाकर्षण की मांग नहीं करतीं. बल्कि पाठक के हृदय को आन्दोलित करती हैं. उनकी रचनाओं में सम्वेदनाओं का पुट इतना संतुलित होता है कि बस आपके मन को छूता है, सहलाता है और धीरे से आपके मस्तिष्क को चिंतन के लिये व्यथित करता है, विवश नहीं.

इनसे भी परे गिरिजा जी का एक और साहित्य-संसार है. जहाँ वे कहानियों, कविताओं और चित्र-कथाओं का सृजन करती हैं एक वर्ग-विशेष के लिये; वह पाठक वर्ग है बच्चे और शिक्षा से दूर प्रौढ. प्रौढ शिक्षा के क्षेत्र में इनकी लिखी कहानियाँ कार्यशालाओं में पठन-सामग्री के रूप में उपयोग में लाई जाती रही हैं. बच्चों के लिये इनका साहित्यिक योगदान अद्भुत है. बच्चों और बड़ों के लिये समान रूप से जो काम इन्होंने किया है वह गुलज़ार साहब के काम में देखने में आता है, जहाँ एक ओर वो बच्चों के लिये बच्चे बनकर कवितायें लिखते हैं, वहीं बड़ों के लिये बड़े होकर नज़्में. यह विस्तार ही किसी भी साहित्यकार की रचनाओं को विस्तार प्रदान करता है. गिरिजा जी की रचनाओं में यह विस्तार सहज ही देखने को मिलता है.


“ध्रुव-गाथा” बालक ध्रुव की कहानी है, जो अपनी माता के साथ पिता द्वारा निर्वासन का दुःख  भोग रहा था, एक अन्य स्त्री के कारण. राजमहल के सुख से वंचित ध्रुव, एक दिवस अपने पिता के महल में पहुँचकर पिता की गोद में बैठ अद्भुत आनन्द की अनुभूति पाता है. किंतु तभी विमाता द्वारा अपमानित कर उसे महल से निकाल दिया जाता है. बालक ध्रुव अपनी माता से इस व्यथा का वर्णन करते हैं. माता उन्हें फुसलाने के लिये कहती हैं कि तुम्हारा तो भगवान हरि की गोद में स्थान है जो सम्पूर्ण जगत के पिता हैं. और ऐसे में बालक ध्रुव एक रात्रि हरि मिलन के लिये निकल पड़ते हैं तथा अनेक कष्टों का सामना करते हुये प्रभु से मिलते हैं. प्रभु के आशीर्वाद से उन्हें ब्रह्माण्ड में एक अटल स्थान प्राप्त होता है और उन्हें दृढता का प्रतीक माना जाता है.

जैसा कि परिचय से ही स्पष्ट है, ध्रुव-गाथा एक खंड काव्य है और इसकी रचना उन्होंने बाल-पाठकों को ध्यान में रखकर की है अतः इसे उन्होंने बाल खंड-काव्य की संज्ञा दी है. इस काव्य का रचना काल 1982-86 के मध्य का है और यदि गिरिजा जी के शब्दों में कहें तो उन्हें यह रचना भारतेन्दु-काल की लगी, अत: उनके मन में स्वयम एक सकुचाहट थी कि यह काव्य प्राचीन शैली में लिखा गया है, आज के पाठक वर्ग को पसंद आएगा या नहीं. और यह रचना संदूक में दबी रही. २००१ में इसे किसी “पाठक” को सुनाया गया और प्रकाशन के बाद, यह २०१२ में हमारे सामने है. सृजन की इतनी लंबी यात्रा और कवयित्री द्वारा स्वयं अपनी रचना का आकलन (पिताश्री की शाबाशी से भी संतुष्ट न हो पाना), इस बात का प्रमाण है कि इनकी रचनाधर्मिता में कितनी ईमानदारी है.

खंड काव्य चूँकि एक पात्र के चारों ओर बुना जाता है अतः यहाँ केन्द्रीय चरित्र बालक ध्रुव हैं. घटनाक्रम, जिसे फिल्म की भाषा में पटकथा कहते हैं, इतना चुस्त कि अगली कड़ी की जिज्ञासा हमेशा बनी रहती है और वहाँ पहुंचकर आगे की. घटनाओं के वर्णन में सभी सह-चरित्रों के साथ न्याय किया गया है और उन्हें उनके स्वाभाविक रूप में दर्शाया गया है. प्रत्येक घटना के साथ बालक ध्रुव के मन में उठते विचारों और मनोभावों का चित्रण इतना सहज है मानो बाल-मनोविज्ञान की गहन समझ रखने वाला कोई व्यक्ति उनका वर्णन कर रहा है. माता, पिता, विमाता, मित्रों और प्रभु के संवाद इतने स्वतः अभिव्यक्त हैं कि लगता है एक एक शब्द अपनी पूरी प्रतिष्ठा के साथ उनकी जिह्वा पर सुशोभित हो रहा है. एक बानगी-

ध्रुव को अपने समक्ष पाकर महाराज:
कैसी हैं महारानी, वह धरती की अरुणा,
पीड़ित के प्रति न्यौछावर है जिसकी करुणा.
तेरी माँ तो वत्स भुवन की दिव्य प्रभा है,
अंधियारे में भटके को ज्यों दीपशिखा है!
ध्रुव अपने पिता से:
गोद आपकी कितनी अच्छी-कितनी प्यारी,
लेकिन माँ की बात निराली प्यारी-प्यारी,
आप यहाँ हैं लीन सुखों में, वहाँ विपिन में,
वनवासी ऋषि मुनियों के शुचि-आराधन में.
विमाता ध्रुव से:
राजकुंवर तो सिर्फ एक, जो मेरा सुत है,
दुस्साहस मत कर बालक यह मेरा मत है,
जहाँ जमा है तू, उसका उत्तम अधिकारी,
राजपुत्र जिसका सुत, केवल मैं वह नारी!

इसी प्रकार, जहाँ भी कवयित्री ने स्वयं को सूत्रधार के रूप में प्रस्तुत किया है, वहाँ भी उनका शब्द-कौशल अपने चरमोत्कर्ष पर दिखाई देता है. शब्द-कौशल को आप शब्द-साधन भी कह सकते हैं.

नयनों में था अहंकार, पद की गरिमा थी,
सुन्दर भी थी, पर जैसे प्रस्तर प्रतिमा थी.

एक खंड काव्य में चूँकि एक चरित्र विशेष के जीवन क्रम को चित्रित किया जाता है, अतः पाठक का आकर्षण बनाए रखने के लिए यह आवश्यक है कि शब्दों का चयन घटनाक्रम के अनुरूप हों, क्योंकि काव्य की लयात्मकता लगभग सुनिश्चित होती है. अतः घटनाक्रम के उतार चढ़ाव, चरित्रों के कथोपकथन और पृष्ठभूमि के सृजन में उचित शब्द-समूह का चुनाव, काव्य में उनको बुना जाना और नाटकीयता को बनाए रखने में महत्वपूर्ण सिद्ध होता है. इस कसौटी पर देखें तो गिरिजा जी कहीं भी पिछडती नहीं प्रतीत होती हैं.

स्वयं महिला होने के नाते और ध्रुव की माता तथा विमाता जैसे दो सशक्त चरित्रों का निर्वाह करने में जहाँ भी उन्हें सुयोग प्राप्त हुआ है, उन्होंने नारी को व्याख्यायित करने का अवसर नहीं गंवाया है:

नारी को नर यूं ही अब तक छलता आया,
नेह मान के झूठे जालों में उलझाया,
स्वयं प्रकृति ने ही नारी का भाग्य रचाया,
प्रणय और वात्सल्य जाल में यों उलझाया.
इनमें पुलक किलक कर निज संसार बसाती
इन पर तन-मन –धन वह दोनों हाथ लुटाती.

काव्य की प्रांजलता सर्वाधिक प्रभावित करती है. पढते हुए लगता है जैसे आप इसे पढ़ नहीं रहे “पाठ कर रहे” हैं. लगभग यही अनुभव मुझे दिनकर जी की “रश्मिरथी” का पाठ करते हुए आता था. सम्पूर्ण खंड-काव्य को पढ़ने का एकमात्र तरीका इसका सस्वर पाठ करना ही है. प्रांजलता इतनी तरलता से अनुभूत है कि शब्दों के उतार चढ़ाव भावनाओं के साथ प्रवाहित होते प्रतीत होते हैं.

श्रीमती गिरिजा कुलश्रेष्ठ जी के परिचय में मैंने कहा था कि उनके अंदर एक बच्चा आज भी बचा है, जो उनसे इन रचनाओं का सृजन करवाता है. इसका प्रमाण स्वयं उन्होंने इस पुस्तक के विमोचन समारोह में दिया. पुस्तक के अनावरण के लिए जब सारा इंतज़ाम हो गया तब इन्हें किसी ने बताया कि पुस्तक की सारी प्रतियां तो पहले से ही अनावृत रखी हैं. ऐसे में उन्होंने मासूमियत से कहा कि क्या ऐसा होता है और तब पुस्तकों को पैक किया गया.

पुस्तक हार्ड-बाउंड में है और मूल्य है मात्र १५०.०० रुपये. प्रकाशक का नाम मैं जानबूझकर नहीं दे रहा हूँ, क्योंकि प्रकाशक ने पुस्तक के आवरण को अपना विज्ञापन-पट्ट बना रखा है. छपाई बहुत अच्छी नहीं है और बहुत सारी त्रुटियाँ हैं मुद्रण की. मुझे जो प्रति प्राप्त हुई उसमें हाथ से काटकर शब्दों को शुद्ध किया गया है. इस प्रकार की भूल पाठन में व्यवधान उत्पन्न करती है.

पुस्तक के परिचय में डॉ. अन्नपूर्णा भदौरिया, विभागाध्यक्ष (हिन्दी विभाग), जीवाजी विश्वविद्यालय, ग्वालियर; डॉ. पूनम चंद तिवारी, पूर्व विभागाध्यक्ष (हिन्दी विभाग), जीवाजी विश्वविद्यालय, ग्वालियर तथा कवि प्रकाश मिश्र ने अपनी बात कही है, जो इस खंड-काव्य को प्रामाणिकता की मुहर लगाता है.

अंत में यही कहना चाहूँगा कि यह पुस्तक, स्वयं कवयित्री को भारतेंदु काल की रचना लगती हो, और ऐसा लगता हो कि इसे पढने वाले विरले ही मिलते हैं, वास्तव में अपनी प्रासंगिकता के स्तर पर कभी भी पुरातन नहीं होने वाली. यह पुस्तक भले ही बाल मनोविज्ञान की आधारशिला पर रचित है, किन्तु इसमें नारी, पर्यावरण, सामाजिक विसंगतियों आदि का इतना सजीव चित्रण है कि पाठक मुग्ध हो जाता है.

यदि मुक्तछंद की कविताओं को पढते हुए एक सलिल प्रवाह से खंड काव्य को पढ़ने का शीतल अनुभव प्राप्त करना चाहें तो यह काव्य-पाठ एक सुखद अनुभूति है. 

रविवार, 7 अक्टूबर 2012

पॉलीथीन और झुर्रियाँ


‘भारतीय रिजर्व बैंक’ का जारी किया हुआ सब नोट पर लिखा रहता है कि “मैं धारक को .....रुपये अदा करने का वचन देता हूँ. दस्तखत – गवर्नर – भारतीय रिजर्व बैंक.” जब छोटा थे त सोचते थे कि ई लिखने का का जरूरत है. अऊर ई बात सोचकर हंसी भी आता था कि दस रुपया का नोट के बदला में दस रुपया देने का वचन काहे दे रहे हैं. ई त जानले बात है कि दस रुपया के बदला में दस रुपया मिलेगा अऊर सौ रुपया के बदला में सौ रुपया, इसमें वचन देने वाला कौन बात हो गया!

जब बड़ा हुए, तब जाकर समझ में आया कि इसके पीछे का कारन है. असल में एक रुपया भारत सरकार का करेंसी होता है अऊर उसके ऊपर का सब नोट, भारत सरकार के गारण्टी पर रिजर्व बैंक जारी करता है. इसीलिये रिजर्व बैंक के गवर्नर को वचन देने का जरूरत पड़ता है कि ऊ दस रुपिया के बदला में भारत सरकार का एक रुपिया वाला दस नोट अदा करेंगे. जान जाने के बाद मोस्किल से मोस्किल सवाल भी बहुते आसान लगने लगता है. बहुत-बहुत साल पहिले ‘हिन्दुस्तान टाइम्स” का एगो साप्ताहिक टैबलॉयड आता था “मॉर्निंग ईको.” आठ-दस पन्ना का पत्रिका जइसा अखबार. उसमें एगो कॉलम था “Something you never wanted to know, but were always asked” माने अइसा बात जिसको जानना आपके लिये जरूरी नहीं, मगर जानने में नोकसान भी नहीं. कहने का मतलब कि हम जौन ज्ञान ऊपर बाँच रहे थे, उसको इग्नोर भी कर सकते हैं आप लोग.

हाँ त हम कह रहे थे कि जब गवर्नर का दस्तखत किया हुआ नोट हाथ में हो (जाली नोट को छोड़कर) त उसको सुईकार करने में त कोनो आपत्ति नहीं होना चाहिये किसी को. नेपाल में जब राजसाही था, तब नोट चाहे केतना भी गन्दा हो मगर उसको लौटा देना, चाहे लेने से मना कर देना, राजा का अपमान समझा जाता था. दुबई में भी हम देखे कि नोट चाहे केतना भी पुराना हो, चाहे कटा-फटा हो, लेने से कोनो दुकानदार, बैंक, चाहे आदमी मना नहीं करता था.

मगर अपना देस में त अजब हाल है. तनी सा पुराना नोट, कोना से कटा हुआ नोट, बीच से मुड़कर जरा सा फटा हुआ नोट, कोनो रेक्सा वाला, टैक्सीवाला, तरकारी वाला को दीजिये त तुरते मना कर देगा लेने से. बोलेगा – दूसरा नोट दीजिए, ई नहीं चलेगा. अगर आपका बात सुनकर अऊर बिका हुआ माल वापस हो जाने का डर से ऊ मानियो गया, त आपको अइसा हिकारत भरा नजर से देखेगा कि आपको अपने ऊपर ग्लानि होने लगेगा. ओइसे भी सारा दुनिया का चलन है कि नयका नोट हाथ में आते ही दबाकर रख दिया जाता है अऊर जेतने पुराना नोट हो-ओतने चलाने का कोसिस किया जाता है. अब त देस में आदमी के साथ भी एही होने लगा है. नीमन आदमी दबा दिया जाता है अऊर चोर सब खुल्ले घूमता रहता है.

ई मामला में हमरा गुजरात का अपना अलगे रंग है. एहाँ का लोग पइसा पहचानता है अऊर गवर्नर का दस्तखत. बाकी नोट त नोटे होता है. अब बताइये भला कि सोना का कंगन अगर नाली में गिरा हुआ हो त का उसका मोल कम होता है? नहीं न, तब भला गन्दा होने से रिजर्व बैंक के नोट का भैलू (वैल्यू) कइसे कम हो सकता.

हमरे भावनगर में त पाँच का नोट का अपना अलगे पहचान है. गला हुआ नोट को दो तह में मोडकर उसको एगो छोटा सा पॉलीथीन में बंद कर दिया जाता है अऊर ओही नोट बाजार में चलता है. न लेने से कोई मना करता है, न देने में कोनो आदमी को खराब लगता है. बहुत सा देस में चलता है प्लास्टिक का नोट, मगर इहाँ पर नोट को दुर्दशा से बचाने के लिए उसको प्लास्टिक में बंद करके रखा जाता है.

भावनगर में जब हम आये त लोग हमको मजाक में बताया कि इसको बरिस्ठ नागरिक का सहर कहते हैं. दू महीना में समझ में आ गया. सचमुच होटल (रेस्त्राँ) में देखिये त पूरा परिवार अपने बुजुर्ग के साथ खाना खाता देखाई देता है, पार्क में भी सब साथे. हमरे ऑफिस में भी आने वाला दस में से आठ आदमी सत्तर साल या उससे बेसी उमर का होता है. कमाल ई कि जिसको आप मुस्कुराकर प्रणाम कर दिए ऊ आपके माथा पर हाथ रखकर आसीरबाद देता हुआ जाता है.

बुजुर्गों का हमरे ऊपर हाथ होना त अनमोल बात है, लेकिन भावनगर में उनका कीमत पाँच रुपया से जादा नहीं हैं. चौंकिये मत, पाँच का नोट जइसा अपने बुजुर्ग को भी लोग हिफाजत से प्यार के पॉलीथीन में लपेट कर रखता है, उनका झुर्रियाँ समेटकर. ई लोग चाहे केतना भी पुराना हो जाएँ, इनका चलन कभी नहीं रुकता है. एही लोग त हमारा कल हैं, काहे कि हमारा आज हमको एही लोग से त मिला है.

बुधवार, 26 सितंबर 2012

मैं हूँ ना!!

“हे भगवान! इस चप्पल को इसी समय टूटना था! अभी कितने काम पड़े हैं और आस-पास कोई मोची भी नहीं.”
”मैं हूँ ना! बोलो क्या करना है, चप्पल मरम्मत करवा दूँ या नई दिलवा दूँ?”
”तुम तो ऐसे कह रहे हो जैसे अलादीन का जिन्न तुम्हारा हुक्म बजा लाने को तैयार हो!”
”बन्दा किसी जिन्न से कम है क्या! वो देखो सामने चप्पलों की दुकान है. चलकर नयी ले लेते हैं ना!”
”सुनील! प्लीज़ तुम तो रहने ही दो, मैं ले लूंगी.”
कहती हुई अंजना बाटा की दुकान में दाखिल हो गयी और अपने लिये चप्पल पसन्द करने लगी. एक चप्पल उसे पसन्द आई, थोड़ी ऊँची हील की अच्छी चप्पल थी. उसने चप्पल पैरों में डाली और सामने लगे आईने में देखने लगी. पैरों से नज़र हटी भी नहीं थी कि उसने देखा, आईने में सुनील नाक सिकोड़े उसके पीछे ही खड़ा था.
“तुम यहाँ भी चले आए, मेरे पीछे-पीछे. मुझे पता था कि तुम्हें ये हील पसन्द नहीं आयेगी.”
”.....”
”ओफ्फोह बाबा! अब ये अपनी नाक सिकोड़ना बन्द करो. मैं वो वाली ले लेती हूँ... और सुनो, अभी मेरे पास पैसे हैं, इसलिये तुम्हें पेमेण्ट करने की ज़रूरत नहीं.”
अंजना ने टूटी चप्पल डिब्बे में बन्द करवाई और नई चप्पल पहनकर दुकान से बाहर निकल गई.

सुनील के पागलपन की ये इन्तिहाँ थी कि वो साये की तरह अंजना के साथ लगा रहता था. अब चाहे खुशी चाहे ग़म, हमेशा उसके साथ. अंजना भी याद करती थी वे दिन, जब सुनील की पोस्टिंग कोलकाता में थी. उसके बग़ैर लगता था कि वो एक कदम नहीं बढा सकती. ख़ुद को कितना बेसहारा महसूस करती थी. इतनी बड़ी दुनिया में ऐसा लगता था कि जैसे वो खो जायेगी. तब तो कई मौकों पर वो महसूस करती कि काश अभी सुनील यहाँ होता तो मेरा ये काम कितनी आसानी से हो गया होता.

और उसके उलट आज तो ये हाल है कि वो साये की तरह अंजना के पीछे रहता है. न नौकरी है उसके पास, न कोई काम. बस सारे दिन अंजना के साथ लगा रहता है. अभी उसी रोज़ की तो बात है. डॉक्टर ने मना किया था अंजना को ठण्डी चीज़ें खाने से. फिर भी बाज़ार में उसने आइसक्रीम ख़रीदी और बस एक स्कूप मुँह में डाला ही था कि न जाने कहाँ से सुनील उसके सामने आकर खड़ा हो गया और लगभग चीख़ते हुये बोला, “पकड़ लिया! अभी टौंसिल का दर्द गया नहीं और तुमने आइसक्रीम खाना शुरू कर दिया! तुमने क्या सोचा था कि मुझे पता नहीं चलेगा!”

सुनील ने यह बात इतनी ज़ोर से और अचानक कही कि अंजना के हाथ से आइसक्रीम का प्याला गिरते-गिरते बचा. उसने गुस्से और खीझ से भरकर जवाब दिया, “मेरा दर्द ख़तम हो गया है तभी तो खा रही हूँ और डॉक्टर के कहने से क्या होता है. दो चम्मच आइसक्रीम खाने से मैं मर नहीं जाउंगी!”
”ठीक है! मैं बेकार ही तुम्हारे और आइसक्रीम के बीच आया. खा लो. कहो तो एक बड़ा सा बटर-स्कॉच और मंगवा दूँ. तुम्हारा फेवरिट फ्लेवर!!”
”अब ताने मत मारो. लो मैं नहीं खाती.”

और जब तक सुनील कुछ जवाब देता, उसने पूरा कप गार्बेज-बिन में डाल दिया. आस-पास खड़े लोग अजीब सी नज़रों से उसे देख रहे थे, मगर तब तक वो दुकान से निकल गयी.
घर लौटते समय, उसने बिजली की दुकान से बल्ब खरीदा.
“ये बल्ब क्यों ख़रीद रही हो तुम?”
”आज रात आलू-बल्ब की सब्जी बनाऊँगी.... बालकनी का बल्ब फ्यूज़ हो रखा है चार दिन से. स्ट्रीट लाइट की रोशनी से कब तक काम चलाऊँ. वहाँ बैठकर पढाई भी नहीं कर पाती.”
“अरे हाँ! मैं भी जब तुम्हें दूर से देखने की कोशिश करता हूँ तो तुम्हारा चेहरा साफ़ नज़र नहीं आता. सी.एफ.एल. ले लो ना, बिजली भी बचाए और चेहरा साफ़ नज़र आये!”
“अगली बार!”

अंजना घर के दरवाज़े तक पहुँच गयी. उसने कंधे की ओट से सुनील को देखा और ‘बाय’ कहकर अंदर चली गयी. उसे लगा सुनील उसे देख रहा होगा छिपकर, इसलिए सबसे पहले वह बालकनी में बल्ब लगाने लगी. ऊंचे वाले स्टूल को उसने होल्डर के नीचे फर्श पर रखा और संभलकर स्टूल पर चढ़ गयी. पंजे उचकाकर जैसे ही वो बल्ब होल्डर में लगाने लगी कि उसका बैलेंस बिगड गया, उसकी साँस रुक गयी और धडाम से ज़मीन पर गिरने ही वाली थी कि सुनील की बाहों ने उसे थाम लिया.

“तुम्हें क्या लगा था कि मैं दरवाज़े से लौट गया. मैं तुम्हारे पीछे-पीछे दबे पाँव अंदर आ गया था, मुझे पता था कि तुम फिसलने वाली हो. और मैं तुम्हें कैसे गिरने देता!”
“ओह सुनील! तुम्हें गुज़रे, कितने साल हो गए. अब तो मैंने हिसाब रखना भी बंद कर दिया. तुम्हारे दोनों बच्चों को बड़ा करना, उन्हें पढ़ा लिखाकर उनके पैरों पर खडा होने के काबिल बनाना, उनकी शादी, उनका घर बसाना... और अब अकेले कितने काम करने पड़ते हैं मुझे.”
“मैं जानता हूँ, देखता जो रहता हूँ तुम्हें. तुम्हारे साथ-साथ, तुम्हारे पीछे-पीछे!”
“लोग कहते हैं कि अंजना इतनी हिम्मत कैसे जुटा लेती है तू. अकेली औरत और इतनी बड़ी दुनिया... तुम्हें पता है, कहाँ से जुटाती हूँ मैं ये हौसला और हिम्मत?”
“कहाँ से!”
“तुमसे... जब तुम कोलकाता में थे, तब मुझे लगता था कि मैं अकेली हूँ, तुम नहीं मेरे साथ. लेकिन अब तो लगता है कि मैं एक मिनट को भी अकेली नहीं.”
“कभी डर नहीं लगता तुम्हें!”
नहीं. डर लगते ही कानों में तुम्हारी आवाज़ गूंजने लगती है. मैं हूँ ना!”

--------
(यह लघु-कथा लिखने का मेरा प्रथम प्रयास है. इसकी घटनाएँ तथा पात्र परमात्मा की नहीं मेरी रचना हैं. अगर किसी से मेल हो तो इसे ऊपरवाले के स्क्रिप्ट की कार्बन कॉपी न मानकर महज इत्तेफाक समझें)

बुधवार, 29 अगस्त 2012

निंदक, बिगाड़, ईमान और कबीर


हमलोग जब छोटा थे तब का समय अऊर आज का समय मेँ जमीन-आसमान का फरक हो गया है. पढाई-लिखाई का सिस्टम भी बदल गया है. जहाँ एक तरफ हिन्दी के किताब मेँ नज़ीर अकबराबादी का मस्नवी पढाया जा रहा है, ओहीँ दोसरा तरफ कबीर अऊर कबीर का दोहा भी. अज्ञेय का कबिता भी अऊर कैफी आज़मी का गीत भी. देखकर बहुत खुसी भी होता है कि आज के बच्चा लोग को साहित्त माने साहित्त पढा रहे हैँ, अब ऊ चाहे हिन्दी भासा का साहित्त हो चाहे उर्दू/हिन्दुस्तानी भासा मेँ लिखा जाने वाला साहित्त. मगर दु:ख भी होता है, जब देखते हैँ कि अपना बच्चा लोग को न सायरी मेँ दिलचस्पी है, न दोहा मेँ; न कबिता मेँ, न ग़ज़ल मेँ.

एक रोज बेटी हिन्दी का किताब लेकर आई कि कबीर का दोहा समझा दीजिये. हम बोले कि पढो जोर से कौन सा दोहा है. ऊ पढना सुरू की:
निन्दक नियरे राखिए, आँगन कुटी छवाये,
बिन साबुन पानी बिना, निरमल करे सुभाये!
हम उसको अर्थ बताये – जो व्यक्ति तुम्हारी आलोचना या बुराई करता है उसको हमेशा अपने  पास रखना चाहिये. हो सके तो उसे अपने घर के आँगन मेँ एक कुटिया बनाकर रहने की जगह दे दो. क्योँकि ऐसे व्यक्ति तुम्हेँ तुम्हारे दोषोँ से परिचित कराते हैँ और इसी बहाने तुम्हेँ उसे सुधारने का अवसर प्रदान करते हैँ. वास्तव मेँ वे लोग बिना साबुन और पानी के ही तुम्हेँ निर्मल करते हैँ. क्योँकि साबुन और पानी से तो केवल शरीर की गन्दगी को साफ होती है, ये आलोचक तुम्हारे अंतर्मन को निर्मल करते हैँ.
बेटी बहुत गौर से हमारा बात सुनती रही. बोली, “डैडी! जब आप हिन्दी मेँ कविता या दोहे का अर्थ बताते हैँ तो मुझे सुनने मेँ बहुत अच्छा लगता है. ऐसा लगता है जैसे किसी धार्मिक सीरियल का डायलॉग बोल रहे हैँ!” हम अकबका गये कि बेटी के इस बात को “कॉम्प्लिमेण्ट” समझेँ कि का समझेँ. मगर जब ऊ अपना तरफ से दोहा का ‘एक्स्प्लेनेशन’ दी, तब हमको कुच्छो कहते नहीँ बना. ऊ बोली, “ये तो गलत बात है डैडी! अगर उसको अप्ने आँगन मेँ कुटिया बनाकर रहने देंगे, तब तो वो आलसी हो जायेगा और इसको आपका एहसान मानेगा. एहसान से दबने के बाद तो वो खुद ही निन्दा करना भूल जायेगा.”

जेतना तर्कजुक्त तरीका से अऊर सीरियसली ऊ हमसे कही ई बात, हम एकदम अबाक रह गये अऊर तत्काल कोनो जवाब हमको नहीँ सूझा. बस एतने कहे कि ई सब बात इम्तिहान मेँ मत लिख देना, नहीँ त जीरो मिलेगा. जेतना समझाये हैँ, ओतने लिखो.

चैतन्य बाबू को फोन पर बताए ई बात. पहिले त ऊ हंसे, ई बात सुनकर, बाद मेँ राजनैतिक बिसय पर अपना एक्स्पर्ट कमेण्ट देने के इस्टाइल मेँ बोले, “आप नहीँ समझते हैँ सलिल भाई, मगर बेटी ने बहुत मार्के की बात की है. सच पूछिये तो यही बात मैँ कब से कह्ता आ रहा हूँ. ये प्रिण्ट और एलेक्ट्रॉनिक मीडिया, व्यवस्था के साथ मिलकर यही तो कर रहे हैँ. हमने तो इस विषय पर कितनी पोस्ट लिखी है.”
हम बोले. “ आप तो हर बात का पॉलिटिकल मतलब निकालने लगते हैँ.”
“नहीँ सर! ये बात तो बिटिया ने कह दी, जो आप नहीँ मानना चाहते. एक ज़माना था जब कहावत मशहूर थी कि जब तोप मुक़ाबिल हो तो अखबार निकालो. तब ये मीडिया निन्दक का काम किया करते थे. लोग घबराते थे. आज हालात बदल गये हैँ. व्यवस्था ने तमाम निन्दकोँ यानि मीडिया घरोँ को घर दे दिये, अपने आंगन मेँ कुटिया छवाकर बिठा लिया. अब जैसा बिटिया ने कहा, सारे निन्दक आलसी हो गये हैँ, उन्हेँ व्यवस्था के दोष दिखाई ही नहीँ देते और धीरे-धीरे वे निन्दक से चाटुकारोँ की श्रेणी मेँ आ गये हैँ. रोटियोँ और बोटियोँ के एवज़ मेँ सच्ची निन्दा के स्थान पर, झूठी प्रशंसा के पुल बनवा लो उनसे.”
“चैतन्य भाई! आज इस मुद्दे पर दूसरी बार निरुत्तर हुआ हूँ. पहले बेटी ने किया और अब आपने. लगता है पुराने सन्दर्भोँ को दुबारा देखने परखने की ज़रूरत है.”
”सर जी! सिर्फ मीडिया ही नहीं समाज में हर तरफ यही दिखाई दे रहा है. वे बातेँ और मर्यादाएँ कब की खण्डित हो चुकी हैँ. और मैँ तो डायलॉग नहीँ बोलता आपकी तरह, फिर भी कहता हूँ कि खण्डित प्रतिमाएँ म्यूज़ियम मेँ तो रखी जा सकती हैँ, ड्राइंग रूम मेँ नहीँ सजायी जा सकती.”

कबीर के दोहा का ऐसा भावार्थ सुनकर हमरा त माथा घूम गया. याद आ गया एगो अऊर कहानीकार का बात. का मालूम का नाम था उसका, लोग कह्ता था कि ऊ खेत का मेँड पर बइठकर कहानी लिखता था. जहाँ बइठकर दतवन किया जाता है वहाँ बइठकर कहानी लिखने से एही खराबी होता है. सुनिये ऊ कहानीकार का बात, अब त हमको भी फिजूल का बात लगता है. कहीँ पढे थे कि बिगाड के डर से ईमान की बात नहीँ कहोगे.

हम होते त जवाब देते कि ई त डिपेण्ड करता है कि बिगाड किससे मोल लेना है अऊर ईमान का बात किसके फेभर मेँ बोलना है!!

गुरुवार, 16 अगस्त 2012

तुझपे दिल कुर्बान!!


सुक्रबार के रोज मुसलमान लोग नमाज पढ़ने मस्जिद में जाता है. लेकिन ओही रोज हमलोग पूरा परिबार के साथ मंदिर जाते थे. जुमा के रोज नमाज पढ़ने का त एक ज़माना से परम्परा चला आ रहा है, बाक़ी सुक्रबार को हमरा मंदिर जाना संजोग का बात नहीं था. असल पूरा सहर सुक्रबार को मंदिर जाता था. मंदिर में दरसन करने के लिए एक किलोमीटर लंबा लाइन लगा रहता था अउर दरसन करने में टाइम भी लगता था. जइसे मंगल को बजरंगबली के मंदिर में होता है एकदम ओइसने. मगर ई मंदिर भी संतोषी माता का नहीं था. राधाकिसन, दुर्गा जी, महादेव बाबा अऊर गुरुद्वारा में गुरुग्रंथ साहिब भी थे. समुंदर के किनारे ऊ मंदिर अऊर मंदिर के सामने एगो मस्जिद. सुक्रबार का दिन त हम बताइये दिए हैं. सो बस मेला का दिरिस रहता था.

ओह सौरी!! ई बताना त हम भुलाइये गए कि ई मंदिर दुबई के बर-दुबई इलाका में था अऊर सुक्रबार के दिन साप्ताहिक छुट्टी रहता था ओहाँ, एही से ओही दिन लोग मंदिर जाता था. हमलोग शारजाह में रहते थे. सिरीमती जी के आदेस के अनुसार, भोरे-भोरे उठकर नहाधोकर सबलोग तैयार हो जाते थे. नास्ता-पानी कुछ नहीं, जबतक मंदिर में पूजा नहीं कर लें, तब-तक हमलोग का उपवास. पूजा के बाद, परसादी खाकर पानी पीना, उसके बाड़े कोनो रेस्त्राँ में जाकर नास्ता पानी.

घर से टैक्सी में जाना होता था अऊर जाने में भी करीब पौना घंटा का टाइम लगिये जाता था. ओहाँ जादातर टैक्सी चलाने वाला अफगानिस्तान का पठान सब है. भर रास्ता टैक्सी में चाहे कोनो पख्तूनी गाना बजाते रहता था, नहीं त कोनो कुरआन सरीफ का पाठ चलता रहता था. पख्तूनी गाना समझ में भले नहीं आता था, लेकिन संगीत सुनकर मन खुस हो जाता था, लगता जइसे अपने देस का संगीत सुन रहे हैं. ओहाँ सिनेमा हॉल में भी हिन्दी सिनेमा देखने बहुत सा अरबी लोग आता था. हमरा एगो साथी बताया कि सिनेमा त ऊ लोग ‘सब-टाईटिल’ देखकर समझता है, मगर असली मजा ऊ लोग को हिन्दुस्तानी गाना अऊर संगीत में आता है. बाद में एक रोज सिनेमा हॉल में बहुत भीड़ नहीं था, त हमलोग देखे एगो अरबी अपने हाथ में पारंपरिक अरबी छाता नुमा छड़ी (जो गडरिया लोग लिए रहता है और ईसा मसीह के हाथ में देखाई देता है) लिए हुए सीट के बीच वाला रास्ता में नाच रहा है, पूरा लय अऊर ताल के साथ.

खैर, हम बता रहे थे मंदिर जाने के बारे में. ऊ दिन भी सुक्रबार था अऊर सबेरे ठीक सात बजे हमलोग टैक्सी में बैठकर बर-दुबई जाने के लिए निकले. टैक्सी ड्राइवर एगो दाढी वाला पठान था. सलवार कमीज पहने हुए, आँख में सुरमा लगाए हुए, आधा मेंहदी वाला लाल अऊर आधा काला लंबा दाढी, माथा पर गोल जालीदार उजाला टोपी पहने हुए. टैक्सी जैसहीं अल-जज़ीरा पार्क से आगे निकला, दुनो तरफ समंदर के रेत वाला इलाका चालू हो गया.

ऊ पठान अपना इस्टीरियो पर गाना बदला. गाना बदलते ही टैक्सी के अंदर दिलरुबा का सुर फैल गया अऊर हमको लगा कि एतना मधुर संगीत हम सच्चो कभी नहीं सुने थे. गाना का लाइन बुझा नहीं रहा था, मगर लगा कि कोई बहुत दर्द भरा गाना है या कोनो आदमी किसी को याद कर रहा है. खाली संगीत से हम एतना अंदाजा लगा लिए, इसी से आप समझिए कि ऊ संगीत में केतना गजब का अभिब्यक्ति रहा होगा.

हम देखे कि ऊ टैक्सी का आइना एडजस्ट किया अऊर अचानके पीछे घूम कर देखा. फिर गाड़ी चलाने लगा. मगर ऊ रह-रहकर पीछे देखता जा रहा था. अंत में हमको लगा कि कहीं एक्सीडेंट न हो जाए त हम बोले, “आप सामने देखकर गाड़ी क्यों नहीं चला रहे हैं! बार-बार पीछे क्यों देख रहे हैं? कुछ बात है क्या, तो हम दूसरी टैक्सी ले लेते हैं!”

ऊ पठान गाड़ी किनारे खडा कर दिया अऊर जब पीछे घूमा त हम देखे कि उसका आँख से आंसू बह रहा है. हम त एकदम अचकचा गए कि ई का हुआ. हमरे बोलने के पहिलहीं ऊ बोलने लगा, “भाई जान! आपकी बच्ची को देख रहा था बार-बार. हमारी बच्ची भी इतना बड़ा होती, जब उसको मुलुक में छोडकर हम आया. दस साल हो गया भाई जान, उसका शकल तक नहीं देखा. आज आपका बच्ची को देखकर अपना बच्ची याद आ गया.”
एतना कहकर अपना सीट के पीछे से ऊ एगो छोटा सा बच्ची का फोटो निकाल कर देखाया. “ये देखो भाई जान, मेरा बच्ची, जब हम उसको छोडकर आया. है ना आपका बच्ची का जैसा हू-ब-हू. पहला बार देखा है अपना बच्ची का शकल आपका बच्ची में!”
पता नहीं ऊ फोटो वाली बच्ची हमरी बेटी के जैसा थी कि नहीं, मगर बेटी त थी. उसके टैक्सी में बैठने वाली हमरी बेटी पहिला बच्ची त नहिंये होगी, मगर उसको का मालूम काहे अइसा लगा.

उसके बाद ऊ टैक्सी चलाता रहा, मगर हमरे आँख के सामने गुरुदेव रबिन्द्र नाथ ठाकुर का कहानी “काबुलीवाला”, बलराज साहनी का चेहरा, सलिल चौधुरी का संगीत और प्रेम धवन साहब का गीत.. सब एक साथ गुज़र गया. टैक्सी में काबुली धुन बज रहा था और गाना का बोल जो हमरे कान में गूँज रहा था, ऊ सायद अलग था उससे
माँ का दिल बनके कभी सीने से लग जाता है तू
और कभी नन्हीं सी बेटी बन के याद आता है तू
जितना याद आता है मुझको
उतना तड़पाता है तू
तुझ पे दिल क़ुरबान!!

सोमवार, 6 अगस्त 2012

कितना देती है??


जगह पटना का कोनो मेन रोड:

बताइये त तनी, बोलेरो, सुमो, जाइलो, सफारी, टवेरा, स्कोर्पियो, क्वालिस.. ई सब नाम सुनकर आपके मन में सबसे पहले का बात आता है. एही कि ई सब बडका गाड़ी का नाम है एस.यू.भी. बोलते हैं ई सब गाड़ी को. अऊर हो सकता है कि आपके दिमाग में हमरा भतीजा अभिषेक का भी नाम आ जाए, जो गाड़ी के बारे में अपना ब्लॉग पर लिखता है. मगर जब हम पटना का बात कर रहे हैं त ई सब नाम का माने कोनो गाड़ी का नाम भर नहीं है. ई सुमो, बोलेरो, स्कोर्पियो आपके लिए टाटा अऊर महिन्द्रा का गाड़ी होगा, मगर जब इसके साथ पटना का नाम जुट जाता है त ई गाड़ी नहीं कुछ अऊर बन जाता है.

पटना का कोनो सड़क पर निकल जाइए, एक त सड़क बहुत चौड़ा नहीं है अऊर दोसरा बिकास के अंतर्गत ऊ सड़क को भी आधा-आधी बाँट दिया गया है आने-जाने वाला के लिए अलग अलग लेन बनाकर. माने सड़क अऊर संकरा हो गया है. एही आधा सड़क पर दनदनाते हुए आपको हर दोसरा गाड़ी एही बडका वाला देखाई देगा. ऊहो एतना जोर से लगातार होर्न बजाते हुए कि मोटरसाइकिल वाला आदमी अगर हमरा जइसा कमजोर करेजा वाला हो त ओहीं रोडे पर गिर जाए.

तब्बे हम कह रहे हैं कि पटना में आझो सुमो, सफारी, बोलेरो अऊर क्वालिस का माने खाली गाड़ी नहीं होता है, इसका मतलब होता है एगो एलान कि हमरा औकात देख लीजिए, हमारा ताकत का अंदाजा लगा लीजिए अऊर समझ जाइए कि हमरे अंदर का सामंती ठाठ अभियो बरकरार है. अऊर ई सब के पीछे एलान एही कि हमरे खातिर रस्तवा खाली कर दिया जाए. जउन रास्ता पर मामूली वैगन-आर मोसकिल से चलता है उसपर बोलेरो लेकर होर्न बजाते हुए निकलना ही असली सक्ति-प्रदर्सन है. बड़ा आदमी होने का लच्छन.

जगह: नोएडा, सेक्टर २६, हमरे अपार्टमेंट के सामने का कोठी:

कोठी के दरवाजा पर सरकारी जमीन पर एगो रोवर गाड़ी, एगो नैनो अऊर दू गो फोर्ड अऊर होंडा सिटी गाड़ी लगा रहता है. सबेरे कभी बेटी को बस स्टॉप तक छोड़ने जाने के टाइम में घर की मलकिनी अपना पोती को ओही स्टॉप पर जहाँ सब लोग पैदल जाता है, रोवर से छोडने जाती हैं अऊर छुट्टी के टाइम पर नैनो से वापस लाने. दस बजे मालिक रोवर से ऑफिस चले जाते हैं कनॉट प्लेस, होंडा से बेटा जाता है कनॉट प्लेस और फोर्ड से बेटी जाती है ओही कनॉट प्लेस. घर में नैनो रहता है माता जी के लिए, ओही माता जी जो भोर में रोवर से बच्चा को छोड़ने जाती हैं.

समझे में नहीं आता है कि इहाँ भी होंडा अऊर फोर्ड या नैनो अऊर रोवर, गाड़ी का नाम है कि रुतबा का सर्टिफिकेट. अऊर कमाल ई कि पेट्रोल का दाम बढ़ने पर एही लोग सरकार के गलत फैसला का दुहाई देता फिरता है.

जगह: भावनगर, गुजरात:

छोटा सहर है, दिल्ली/नोएडा से त कोनो तुलना करने का बाते नहीं है, मगर जिला मुख्यालय है अऊर पटना से तुलना किया जा सकता. आइये इहाँ भी कुछ नाम सुनाते हैं आपको. स्कूटी, एक्सेंट, लूना (भुला गए होंगे ई नाम त इयाद कर लीजिए) वगैरह. बच्चा से लेकर बच्चा के दादा-दादी अऊर नाना-नानी तक, मजदूर से लेकर साहेब तक. अइसा नहीं है कि इहाँ ऊ सब गाड़ी का नाम कोई नहीं जानता है. हमरे घर के सामने एगो जिम है, ओहाँ भोरे-भोरे देखाई देता है, रिट्ज, स्विफ्ट, डिजायर. मगर सान का सवारी है स्कूटी नहीं त बाइक. इस्कूल जाने वाले बच्चा से लेकर (हमको त संदेह है कि कोनो बच्चा के पास लाइसेंस होता होगा) हमरे जइसा साहेब तक. अऊर मजेदार बात ई है कि कोनो दुपहिया के ऊपर चार-गो से कम सवारी नज़रे नहीं आता है. पूरा परिवार दुपहिया पर लादे, ई बात से बेखबर कि फालतू का सक्ति-प्रदर्सन किसके लिए या जबरदस्ती का स्टेटस काहे के वास्ते. जब बूढ़ी से बूढ़ी औरत को हम स्कूटी चलाते देखे त मन श्रद्धा से झुक गया.

सोचने लगे कि जब पेट्रोल का दाम बढ़ा त पूरा फेसबुक पर आग लग गया. फेसबुक में लॉग-इन करते के साथ पेट्रोल का गंध से नाक भर जाता था. मगर हमको लगता है कि इहाँ भावनगर में ऊ टाइम पर भी कोनो लड़का अपना दोस्त के बाइक पर प्यार से हाथ फेरते हुए कोनो गाड़ी के बारे में सबसे जरूरी सवाल पूछ रहा होगा – कितना देती है?