पीछे एतना बिजी रहे कि ब्लॉग पर आने का समय बहुत कम मिला. मगर फेसबुक पर तनी जादा समय बीता. फेसबुक पर जेतना लोग देखाई देता है उसमें बहुत सा लोग हमारे उमर का है अउर बहुत सा नबजुबक है. हमारे लिए ऊ लोग बच्चा है. मगर हमरा इंटरैक्शन बच्चा लोग के साथ बहुत सुखद रहा है. कभी-कभी ई लोग का सोच, बिचार, लेखन देखकर ताज्जुब होता है. ई लोग के साथ मिलकर अपना समय भी याद आता है अउर अपने बड़प्पन का भी एहसास होता है. मन भर जाता है जब कोइ चचा, कोइ चाचू कहता है. कभी–कभी त हमरे साथी लोग कह देते हैं हमको कि तुम कहाँ बच्चा सब के बीच फंसे हो, बुड्ढे हो रहे हो, इस सच्चाई को तो समझो. अब साथी को तो नहीं कह सकते कि बुड्ढा होगा तेरा बाप!
अमिताभ बच्चन जी का सिनेमा देखे “बुड्ढा होगा तेरा बाप”. सिनेमा त जो था सो था. लेकिन अमित जी एकदम सत्तर के दसक वाला बिजय बने हुए थे. कोइ कहेगा कि उमर के ई पड़ाव पर आकर अपने बेटा से मुकाबला कर रहे हैं अउर खाली मुकाबला नहीं जबरदस्त कम्पीटीसन दे रहे हैं. सत्तर साल होने को आया, दिन में फाइटिंग करते हैं अउर रात में “कौन बनेगा करोड़पति” खेलाते हैं. दुनो रोल में फिट. बहुत प्रेम अउर बड़प्पन के साथ खेलने वाले को बोलाते हैं, उनसे घुलमिलकर बतियाते हैं. लगबे नहीं करता है कि कहाँ इतना बड़ा सुपर-स्टार अउर कहाँ एगो साधारन आदमी. खाली एही नहीं, सत्तर साल का उमर में भी सब जवान लोग दीवाना है उनका. जब फोन लगाकर बोलते हैं “जी मैं अमिताभ बच्चन बोल रहा हूँ, कौन बनेगा करोड़पति से” तो अच्छा-अच्छा लोग घबरा जाता है. अब आप ही बताइये अइसा आदमी को कोइ बुड्ढा बोलेगा त एही जवाब मिलेगा सुनने को कि बुड्ढा होगा तेरा बाप!
एगो अउर बुढऊ हैं, हमारे चचा गुलज़ार. अभी १८ तारीख को पछत्तर साल के हो गए. एगो टाइम था कि हम जवान थे अउर कोनों आदमी इनका कविता को बकवास बोलता था त भिड़ जाते थे उससे. हमरे पिताजी के साथ भी केतना बार बहस हुआ, मगर बाद में ऊ भी फैन हो गए गुलज़ार साहब के. कमाल का सेन्स ऑफ ह्यूमर, कमाल का रोमांटिसिज्म, कमाल का बचपना. सबसे बड़ा खासियत त हमको ई लगता था कि कहाँ कहाँ से बिम्ब लेकर आ जाते हैं और सम्बेदना को ऐसा ऊंचाई पर ले जाते हैं कि लगता है कि मोक्ष मिल गया. उनको पढ़ना अउर उनके आवाज़ के गहराई को मन में उतारना कोनो समाधि से कम नहीं है. आजकल फेसबुक अउर ब्लॉग पर नया उम्र का बच्चा लोग को जब लिखते देखते हैं अउर उसपर गुलज़ार साहब का परभाव देखते हैं तो आस्चर्ज होता है. मगर का किया जाए गुलज़ार साहब का रोमांटिसिज्म देखकर हर कोइ को अपना भावना का अभिब्यक्ति मिल जाता है.
आओ तुमको उठा लूं कंधे पर,
तुम उचककर शरीर होठों से,
चूम लेना ये चाँद का माथा.
आज की रात देखा ना तुमने
कैसे झुका-झुक के कुहनियों के बल
चाँद इतना करीब आया है!
अब बताइये भला, ई रोमांस कहीं उम्र का मोहताज है. तीस साल पहिले हम ई पढकर सातवाँ आसमान पर होते थे अउर तीस साल बाद नोएडा के मॉल में एगो जवान लड़का अपनी महबूबा का हाथ अपना हाथ में लेकर एही नज़्म सुना रहा था. अब इसके बाद भी कोइ गुलज़ार साहब को ७५ साल का बुड्ढा बोले तब तो एही जवाब दिया जा सकता है कि बुड्ढा होगा तेरा बाप!!
७४ साल के अन्ना हजारे. बैठ गए हैं अनसन करने. पकड़कर जेल में डाल दिया गया, कोइ बात नहीं, अनसन करना है त ओहीं कर लेंगे. मगर टस-से-मस नहीं होंगे. राजनीति है ई सब, ब्लैकमेल कर रहा है, बरगला रहा है लोग को, खुद भ्रस्टाचार में लिप्त है... बोलने दीजिए. ई बूढ़ा आदमी बस एही बता रहा है कि भ्रस्टाचार को खतम करना है अउर इसके लिए कोनों बिल पास करना जरूरी है. मगर बहस ई है कि ई वाला बिल से भी भ्रस्टाचार नहीं खतम होगा, फलाना को इसके दायरा से बाहर रखो, का गारंटी है कि इसमें भी लोग छेद नहीं करेगा. अरे भाई जब कोनों गारंटी नहीं है तो पास कर दो, काहे झंझट कर रहे हो. मुर्दा पर जैसे आठ मन वैसे दस मन. सैकड़ों साल पहिले का अंग्रेज का बनाया हुआ एक हज़ार क़ानून हइये है त एगो अउर क़ानून सही. मगर एक तरफ बिरोध है दोसरा तरफ नौजवान लोग का जूनून. दिल्ली, नोएडा, चेन्नई, बेंगलुरु, सब जगह नौजवान लोग का जोस देखने वाला है. कोइ सोच भी नहीं सकता है कि नौजवान लोग का सुपर हीरो एगो ७४ साल का बुड्ढा बना हुआ है आजकल. माफी चाहते हैं ई बात कहने के लिए. कहीं सबलोग मिलकर हमरे खिलाफ नारा न लगाने लगे कि बुड्ढा होगा तेरा बाप!!






