शनिवार, 14 अप्रैल 2012

तीन दशक और वह, जो शेष है!


“वह, जो शेष है!” श्री राजेश उत्साही की कविताओं का प्रथम संकलन है. ज्योतिपर्ब प्रकाशन द्वारा प्रकाशित इस पुस्तक का विमोचन अंतर्राष्ट्रीय पुस्तक मेला – २०१२ में प्रगति मैदान, नई दिल्ली में हुआ. इस कविता-संग्रह में कुल ४८ कवितायें हैं, जो इन्होंने तीन दशक से भी अधिक के कालखंड में रची हैं. यदि इतने लंबे अंतराल में उत्साही जी द्वारा रचित कविताओं की संख्या (जो इस संग्रह में हैं) मात्र ४८ हैं, तो सहज ही यह निष्कर्ष निकाला जा सकता है कि उन्होंने कवितायें “लिखीं” नहीं है, “रची” हैं. एक-एक कविता, गर्भधारण से लेकर प्रसव तक की यात्रा है. अतः यह कहने की आवश्यकता नहीं कि राजेश जी ने इन कविताओं को जिया है, पात्रों के साथ एकाकार हुए हैं और उनकी अनुभूतियों को अपने अंदर उतारा है, उनकी वेदनाओं का हलाहल नीलकंठ की तरह पिया है, तब जाकर इन कविताओं का जन्म हुआ है.

इस कविता-संग्रह में कविताओं के क्रम न तो रचना-काल के अनुसार हैं, न ही रचनाकार की पसंद के क्रम में हैं. राजेश जी के अनुसार कविताओं की विषयवस्तु के आधार पर उन्हें क्रम प्रदान किया गया है, जो मूलतः तीन श्रेणी में हैं – प्रेम, सरोकार और व्यक्तिगत कवितायें. यहाँ मुझे एक और श्रेणी दिखी जिसके विषय में कवि ने कुछ नहीं कहा. वह श्रेणी है (और संग्रह में प्रथम श्रेणी वही है) कवि और कविता के संबंधों की. शायद स्वयं को कविता के दर्पण में देखने की चेष्टा. चुप्पी उनके स्वभाव का परिचायक है और “कवि भी एक कविता है” में यह कहना कि

इसलिए पढ़ो/कि कवि/ स्वयं भी एक कविता है/ बशर्ते कि तुम्हें पढ़ना आता है!

“कविता बिना कवि” बिना हथियार के डॉन की तरह है क्योंकि कवि आत्मा पर चोट करता है और डॉन शरीर पर. उनके अनुसार कविता यदि आत्मा पर चोट न करे तो कवि की रचना सार्थक नहीं.

प्रणय विषयक कविताओं की श्रेणी में जितनी भी कवितायें हैं उनका चरित्र वैसा ही है जैसा उन्होंने “प्रेम” शीर्षक कविता में कहा है कि प्रेम दरसल व्यक्त करने की नहीं महसूसने की चीज़ है. उनकी सभी प्रेम कविताओं की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि उनमें प्रेम का पारंपरिक वर्णन कहीं नहीं मिलता है, किन्तु शब्द-शब्द प्रेम पगा है. “तुम अपने द्वार पर” की अंतिम पंक्ति में जब वे कहते हैं कि “मुझे भी अपने द्वार का एक पौधा मान लो” तब जाकर यह कविता एक प्रेम कविता बनती है. और ज़रा इन पंक्तियों को देखें:
क्या लिखती हो तुम,
मेज़ पर, शीशे पर,
कागज़ पर,
ज़मीं पर, रेत में,
हवाओं में, पानी में,
उँगलियों से, तिनकों से,
क्या लिखती हो
जानना चाहता हूँ!
“वो बात सारे फ़साने में जिसका ज़िक्र न था” वाले अंदाज़ में आरम्भ से अंत तक सबको पता है कि वह क्या लिखती है, मगर कवि नहीं कहता अपने मुँह से, उलटा प्रश्न छोड़ देता है कि क्या लिखती हो, जानना चाहता हूँ! पराकाष्ठा है यह प्रेमाभिव्यक्ति की. हर कविता एक अलग ही अंदाज़ में और एक अलग ही अभिव्यक्ति के साथ. लेकिन कवि के रूप में राजेश जी कहीं भी कविता और पाठक के बीच नहीं आते!

अगली श्रृंखला में समाजी सरोकार से जुडी कुछ कवितायें हैं, जिसमें बिना शब्दजाल फैलाए जिस प्रकार उन्होंने छोकरा शीर्षक के अंतर्गत बूट पॉलिश करने वाले, ट्रेनों में झाडू लगाने वाले, गाकर पैसे माँगने वाले बच्चों की दुर्दशा का वर्णन किया है, वह संवेदना का हिमालय है. और यहाँ भी उनका काव्य-चातुर्य दिखाई देता है, जब हम पाते हैं कि उन बच्चों की व्यथा व्यक्त करने के लिए उन्होंने अनावश्यक मार्मिक शब्दों और अनर्गल वर्णन का सहारा बिलकुल नहीं लिया है. कवितायें मन को छूती हैं, क्योंकि सादा हैं, शब्दों की पेंटिंग नहीं, ज़िंदगी की तरह बदरंग! धोबी, चक्की पर, स्त्री, घोड़ेवाला, चिड़िया, गांधी आदि कवितायें झकझोरती हैं और सीधा जोड़ती हैं उस सरोकार से. एक आईने की तरह रख दी हैं वे कवितायें हमारे सामने जिसमें हमें हमारा बदसूरत चेहरा दिखता है.

अंत में उनके कवि ह्रदय का परिचय देती हुई कुछ व्यक्तिगत कवितायें संगृहीत हैं. कवि-ह्रदय से यहाँ तात्पर्य यह है कि उनकी सोच का माध्यम भी कविता है. यद्यपि उन्होंने गद्य भी लिखे हैं, तथापि उनकी मूल अभिव्यक्ति कविता में ही मुखर हुई है. इन सारी कविताओं के पात्र, वे स्वयं हैं और उनके परिजन. नितांत वैयक्तिक कवितायें हैं. “इतनी जल्दी नहीं मरूंगा मैं” के अंतर्गत मौत से सामना होने की कुछ घटनाएँ उन्होंने कविता के माध्यम से साझा की हैं. कविताओं का प्रवाह बांधकर रखता है. बाद की कविताओं में उन्होंने अपने परिवार की जिन घटनाओं का वर्णन किया है, वह एक बड़ा ही साहसिक कदम है. आम तौर पर जो घटनाएँ कोई भी व्यक्ति, किसी अनजान व्यक्ति के साथ शेयर नहीं करता, उसे उन्होंने पूरी ईमानदारी से सारी दुनिया के साथ बांटा है. इस क्रम में उनकी जीवनसंगिनी का शब्दचित्र सर्वोत्तम है. कविता “नीमा” में उन्होंने पत्नी के संघर्ष की कथा और स्वयं को उनका पति, संगी, साथी और साधक के रूप में प्रस्तुत किया है, जो समस्त स्त्री जाति के प्रति उनके सम्मान की भावना का द्योतक है. इसी विशेषता के कारण यह कविता उनका व्यक्तिगत अनुभव न होकर सम्पूर्ण नारी समाज के प्रति व्यक्त किया गया सम्मान है.

कविताओं की संरचना छोटे-छोटे मुक्त छंदों से की गई है, कोई भी कविता अनावश्यक लंबी नहीं है, जो कवितायें लंबी हैं, वह विषय-वस्तु की मांग पर आवश्यक है, भाषा इतनी सरल है कि मानो आम बोल-चाल की भाषा हो, भावनाओं को उभारने के लिए व्यर्थ का शब्दाडम्बर कहीं भी नहीं है और सबसे बड़ी विशेषता यह है कि कविता में कोई दर्शन नहीं छिपा है - जहाँ कवि कहना कुछ चाहता है और पाठक समझता कुछ और है या फिर कवि के स्पष्टीकरण की आवश्यकता अनुभव होती हो पाठक को, भाव इतनी सरलता और सहज रूप में अभिव्यक्त हुए हैं कि पाठक तक कवि की बात सीधी पहुँचती है!

कुछ दोष जो यहाँ वहाँ दिखे वो बस वैसे ही जैसे किशमिश के दाने में लगा तिनका. कुछ तथ्यात्मक दोष जो मुझे दिखे, जैसे- झील में पड़ी अपनी लाश के विषय में यह कहना कि “तबतक धंस चुका होउंगा मैं/झील में नीचे” जबकि तथ्य यह है कि लाश तैरती है, धंसती नहीं; “यहीं १९५९ के साल की पहली तारीख को/नीमा ने पहली किलकारी भरी”- यह निश्चित रूप से जन्म की तिथि है अतः किलकारी नहीं- पहला रूदन, किलकारी तो शायद कुछ महीनों बाद ही सुनाई देती है. कविता में मध्यप्रदेश को “मप्र” लिखना खलता है, क्योंकि एमपी तो प्रचलित है, मप्र नहीं! लेकिन यह दोष वास्तव में बिम्ब के रूप देखे जाएँ तो दोष नहीं लगते.

एक कविता है “वह औरत”. इसमें उन्होंने एक जवान मजदूरनी पर कुदृष्टि डालते ठेकेदार और स्वयं को साक्षी बनाकर उस औरत की मनोदशा और उसे भारत माता की दुर्दशा से जोड़ते हुए अभिव्यक्त किया है. किन्तु पढते हुए एक स्थान पर यह कविता समाप्त होती प्रतीत होती है अपने पूरे प्रभाव के साथ
अचकचाकर
मैं उसे देखता हूँ.
मुझे वह औरत
अपनी माँ नज़र आने लगती है!
इसके बाद माँ को भारत माँ से जोड़ना वह प्रभाव नहीं उत्पन्न कर पाया. अगर इसे दूसरी कविता के रूप में अलग से प्रस्तुत किया गया होता तो पाठकों को एक दूसरे अनुभव से उद्वेलित कर सकती थी.

कुल मिलाकर तीन दशकों की रचनाओं का संकलन “वह, जो शेष है” राजेश उत्साही जी के शांत, सहृदय व्यक्तित्व, जूझारू चरित्र, ज़मीन से जुड़े स्वभाव और ईमानदार अभिव्यक्ति का खज़ाना है. ये शांत भाव से, साहित्य की सेवा करने वाले व्यक्ति हैं, तभी आज तक छिपे रहे. किन्तु कल तक छिपे थे आज छपे हैं. मुझ डाकू खडगसिंह के बाबा भारती!

पुनश्च:
संयोग से आज ही मनोजकुमार जी ने “राजभाषा हिन्दी” ब्लॉग पर इस कविता-संग्रह की चर्चा की है. पुस्तक-परिचय यहाँ देख सकते हैं.

रविवार, 8 अप्रैल 2012

मेरा साया!!


[अली सैयद साहब की यह पोस्ट और उनका प्रोत्साहन जिसने मुझे यह पोस्ट आपसे शेयर करने का हौसला दिया!]

कच्चा घर, सामने दालान अउर पीछे अंगना. अंगना के चारों ओर देवाल. देवाल के पार गली, जिसमें दिन भर लोग-बाग का आवा-जाही लगा रहता था. गली के साथ देवी-स्थान और उसमें बिसाल पीपल का पेड़. गर्मी में हम लोग अंगना में बैठकर बतियाते, खेलते अउर पढाई करते रहते थे. गली से आने-जाने वाला लोग का माथा देखाई देता था अउर जब ऊ आदमी छवि बाबू के घर के पास पहुंच जाता, तब पीछे से ऊ पूरा देखाई देता था. इसका उलटा जब छवि बाबू के घर के तरफ से कोई आता, तो पूरा देखाई देता अउर पास आने पर खाली माथा नजर आता.
एक रोज साम को कोनो आदमी का माथा देखाई दिया अऊर छवि बाबू के घर के पास पहुँचने से पहले का मालूम कैसे सब लोग का ध्यान उधरे चला गया. ऊ आदमी का पीठ देखाई दे रहा था. ऊ आदमी उजला गंजी पहिने हुए था अउर छवि बाबू के घर के पास पहुँचाने से पहिले ही नजर से ओझल हो गया (सायद गायब हो गया). हम लोग घबराए अउर बाद में टेंसन कम करने के लिए मजाक उड़ाने लगे हम लोग. कोई बोला आत्मा होगा, कोई बोला भूत, कोई बोला कि गंजी पहिने था तो जरूर चाचा होगे! अउर हम लोग जोर-जोर से हंसने लगे!!

कुछ साल बाद:
सफ़ेद गंजी वाले आदमी का आना अब बहुत बढ़ गया था. जब भी हम लोग में से कोई भी अंगना में बइठा रहता त ई बात के तरफ जरूर ध्यान देता कि गली से कौन जा रहा है. मगर ऊ दिन आस्चर्ज का बात हुआ. अंगना वाला दरवाजा बाहर के तरफ खुला हुआ था, इसलिए गली से आने-जाने वाला सब आदमी पूरा देखाई दे रहा था. दरवाजा से देखाई देने वाला आदमी, गली से होकर, छवि बाबू के घर से आगे निकल जाता था. ओही घड़ी, सफ़ेद गंजी पहने हुए ऊ आदमी दरवाजा पार किया अउर गली में नहीं पहुंचा. भागकर देखा गया त ऊ नदारद था. पैदल चलकर कोई एतना जल्दी, एतना दूर नहीं निकल सकता था.
हम लोग (इहाँ स्पस्ट कर देते हैं कि हम लोग से हमरा मतलब घर का बच्चा-बड़ा सब लोग से है - जिसको जब ई घटना देखाई दे जाए) धीरे-धीरे ई घटना के आदी हो गए अउर एकदम मामूली घटना हो गया हमलोग के लिए! हाँ, एगो बात बताते चलें कि तब तक हम लोग ऊ आत्मा/भूत/साया/हवा को चाचा जी मान चुके थे.

कुछ और साल बाद:
पुराना घर टूट गया अउर पक्का मकान बन गया. घर के फाटक से ड्राइंग-रूम तक आते समय जमीन पर एगो बड़ा सा पत्थर का स्लैब है. बस्तब में ऊ ढक्कन है. जब कोई आता है त उसके ऊपर गोड़ धरते ही ऊ पत्थर हिल जाता है अऊर “खटाक” का आवाज होता है. ई आवाज का एतना अभ्यास हो गया है कि केतनो हल्ला में भी सुनाई दे जाता है अऊर हमलोग समझ जाते हैं कि कोई आया है. दरवाजा के तरफ ताकिये, चाहे ड्राइंग रूम के खिडकी से देख लीजिए, पहिला नहीं त दोसरा खिड़की से देखाई दे जाएगा कि कौन आ रहा है.
बताने का जरूरत नहीं है कि एक रोज हम लोग बैठ कर टीवी देख रहे थे अऊर बिना फाटक खुलने का आवाज हुए पत्थर का “खटाक” सुनाई दिया. सबलोग का नजर खिड़की पर. पहिला खिड़की से सफ़ेद गंजी पहिने कोई निकला, मगर दूसरा खिड़की तक कोई नहीं आया. कोई लौटा भी नहीं, काहे कि दोबारा पत्थर का आवाज नहीं हुआ, न फाटक का. बाहर निकल कर देखे त फाटक तक कोई नहीं. एक बार फिर स्पस्ट करने का समय आ गया है कि कोई बिलाई या कुत्ता (नहीं घुस सकता) के आने से खटाक का आवाज़ नहीं हो सकता.
एक बार भाई का कोनो दोस्त आते समय खिड़की से रूम में झांकते हुए आया. भाई से जब मिला त पूछा कि अभी इहाँ सोफा पर गंजी पहिनकर कौन बैठे हुए थे. लगता है हमारे कारन चले गए! भाई मुस्कुराकर रह गया. बोला, “चाचाजी थे!”

वर्त्तमान समय:
अब हम भाई-बहन बुजुर्ग कहलाने लगे हैं. हमरा बच्चा लोग बड़ा हो रहा है. माताजी बूढ़ी हो गयी हैं. उजला गंजी अऊर पाजामा पहिने हुए चाचा जी आझो हमलोग को, बच्चा लोग को भी, हमरे दोस्त लोग को भी अऊर बहुत सा मेहमान लोग को भी आते जाते हुए देखाई देते हैं. एक बार सोफा पर बैठा हुआ छोडकर, हमेसा ऊ जल्दी में चलते हुए देखाई दिए हैं. एक कमरा से निकलते हैं मगर दोसरा कमरा तक पहुँच नहीं पाते. हाँ, हमारी पालतू कुतिया जब तक ज़िंदा थी, अचानक कभी-कभी कोनो अनजान आदमी को देखकर भौंकने लगती थी, जबकि उसके सामने कोनो नहीं होता था.

इन सारी घटनाओं की शुरुआत से पहले:
ऊ रोज अचानक माताजी को गाँव जाना पड़ा. हम-सब बच्चा लोग को बताया गया कि हमरे चचेरे चाचा का अचानक मौत हो गया है. इसीलिये माता जी को गाँव जाना पड़ा. सब लोग सदमा में था. अभी साल भर भी नहीं हुआ था सादी का. उमर केतना रहा होगा, मोसकिल से २८-३० साल. लंबा कद, बलिष्ठ बदन, सुन्दर चेहरा अउर हंसमुख आदमी. उनके मौत का कोई बिस्वास नहीं कर सकता था.
माताजी दोसरा दिन लौटकर आईं. हम बच्चा लोग डर जायेंगे इसलिए बहुत सा बात हमलोग के सामने नहीं किया गया. बाक़ी जेतना बात हमलोग के सामने हुआ उससे बस एतना ही पता चला कि उनका मरा हुआ देह खेत में पड़ा था अउर उस समय ऊ उजला गंजी और पाजामा पहिने हुए थे. पैर में हवाई चप्पल था.

और अंत में:
ऊ कौन है, काहे हैं, कहाँ से आते हैं, कहाँ चले जाते हैं, कहाँ रहते हैं... पता नहीं! मगर आज भी हमरे परिबार के सदस्य हैं... हमलोग के लिए “चाचा जी!”

बुधवार, 21 मार्च 2012

सम्बोधि के क्षण

(ओशो सम्बोधि दिवस: २१ मार्च, पर विशेष)

एक गाँव से गुज़रता था, एक छोटा सा बच्चा दिया लेकर जा रहा था.
पूछा उससे, “कहाँ जाते हो दिया लेकर?”
उसने कहा, “मंदिर जाना है.”
तो मैंने उससे कहा, “तुमने जलाया है दिया?”
तो उसने कहा, “मैंने ही जलाया है.”
मैंने पूछा, “जब तुमने ही जलाया है, तो तुम्हें पता होगा कि रोशनी कहाँ से आयी है? बता सकते हो?”

तब उस बच्चे ने नीचे से ऊपर तक मुझे देखा. फूंक मारकर रोशनी बुझा दी और कहा, “अभी आपके सामने चली गयी. बता सकते हैं कहाँ चली गयी? तो मैं भी बता दूंगा कि कहाँ से आयी थी. तो मैं सोचता हूँ, वहीं चली गयी होगी जहां से आयी थी.” उस बच्चे कहा, “कहाँ चली गयी होगी?”


तो, उस बच्चे के पैर छूने पड़े. और कोई उपाय न था. नमस्कार करना पड़ा कि तू अच्छा मिल गया. हमने तो मजाक किया था, लेकिन मजाक उलटा पड़ गया. बहुत भारी पड़ गया. अज्ञान इस बुरी तरह से दिखाई पड़ा, लेकिन ज्योति का पता नहीं चला कि कहाँ से आती है और कहाँ जाती है! और हम बड़े ज्ञान की बातें किये जा रहे हैं. उस दिन से मैंने ज्ञान की बातें करना बंद कर दिया.
क्या फायदा? जब एक ज्योति का पता नहीं तो भीतर की ज्योति की बातें करने में मैं चुप रहने लगा. उस बच्चे ने चुप करवाया.

हज़ारों किताबें पढीं, जिनमें लिखा था कि मौन रहो. नहीं रहा, लेकिन उस बच्चे ने ऐसा चुप करवा दिया कि कई वर्ष बीत गए, मैं नहीं बोला. लोग पूछते थे, बोलो. तो मैं लिख देता था कि दिए की ज्योति कहाँ जाती है, बताओ? मतलब क्या है बोलने का? कुछ पता नहीं है तो बोलूं क्या?

तो इसको मैं कहता हूँ ‘एटीट्यूड ऑफ लर्निंग और डिसाईपलशिप’, शिष्यत्व. गुरू को बिलकुल नहीं होना चाहिए दुनिया में, सब शिष्य होने चाहिए. और अभी हालत ये है कि गुरू सब हैं, शिष्य खोजना बहुत मुश्किल है!

(प्रवचन - सम्बोधि के क्षण
मुम्बई, १४.०९.१९६९)

बुधवार, 7 मार्च 2012

होली - एक कबित्त

ई हमारा पहिला कबित्त है, जो हम 'संवेदना के स्वर' पर आज से दू साल पहिले पर्कासित किये थे... आज इहाँ दोहरा रहे हैं... होली के सुबह कामना के साथ:

होली का त्यौहार, मची धूम चारों ओर है जी, देख-देख रंग की बौछार मन डरता है.
देश पर  भ्रष्ट  नेताओं  का   है  काला   रंग,  आतंक  की आग में ये देश देखो जरता है.
रंग  सतरंगी,  इन्द्रधनुष  सरीखे  थे  कल,  आज  भगवा  तो  हरा  शोर  कोई  करता  है.
महंगाई ने जो तोड़ रखी है कमर सब की, जनता का पेट आधा चौथाई ही भरता है.

गोरी की कलाई सूनी, चूड़ियाँ नहीं हैं सजी, श्याम भी सहम के कलाई आज धरता है.
फटी हुयी चूनर से झांकता यौवन और रीत गयी गागर से जल भूमि परता है.
माल तो समाप्त हुआ, पूआ बेसवाद हुआ, बालूशाही में से बालू-सा-ही कुछ झरता है
होलिका दहन प्रतिदिन हो रहा है आज, जीवन की चिता में मनुज नित जरता है.

गुरुवार, 23 फ़रवरी 2012

वह आता...


नई दिल्ली के कनॉट प्लेस का बाहरी चाहे भीतरी सर्किल हो या पुरानी दिल्ली के कोनो पुराना पुल के नीचे का कोना, भोर का टाइम हो कि दिन-दोपहरी-रात, जाड़ा का समय हो कि जेठ का तपता हुआ गरमी... आपको ओहाँ कोनो न कोनो गठरी नुमा आदमी, गलीज कपड़ा ओढ़े हुए, धरती माता के ओर झुका हुआ देखाई दे जाएगा. सारा दुनिया से बेखबर, अपना साधना में लीन. मगर जब ऊ अपना चेहरा उठाकर जब आपके तरफ ताकता है, त आपको देखाई देता है, उसका जलता हुआ लाल-लाल आँख, बिखरा हुआ बाल, गन्दगी से सना हुआ चेहरा... एकदम बच्चा लोग के कहानी के दानव जैसा. हाथ में हथियार के जगह, सिगरेट का पन्नी अऊर दियासलाई. आगे बताने का जरूरत नहीं है कि ऊ का कर रहा होता है. भीख में जेतना पईसा मिला, ऊ नसा के धुंआ में उड़ गया.

गरमी का मौसम अऊर दोपहर को चलता हुआ लू, अब त लू का नाम सुनकर बच्चा लोग अइसे मुंह ताकता है जइसे उल्लू का बात हो. कॉलेज से बाहर निकले अऊर पाकिट में हाथ डाले त हाथ में दू रुपिया का नोट था. रेक्सा वाला डेढ़ रुपिया लेता था. असोक राजपथ पर खडा होकर रेक्सा का इंतज़ार करिये रहे थे कि एगो सज्जन हमरे सामने आये अऊर बोले कि बेटा हमरा पर्स कहीं गिर गया है. पी.एम्.सी.एच. (पटना मेडिकल कॉलेज एण्ड हॉस्पिटल) में आये थे. सुबह से कुछ नहीं खाए हैं. दादाजी का सिखाया हुआ बात, माँ-बाप का दिया हुआ संस्कार, उस आदमी का उमर अऊर उसके गोहार में दर्द महसूस करके हम अपने पाकिट से दू रुपया का नोट निकाल कर उसको दे दिए. अब एही लू में पैदल जाना होगा घर.  हिम्मत करके बढे त देखते का हैं कि ऊ सज्जन ओही दू रुपिया का नोट देकर सिगरेट खरीद रहे हैं. हम धूल फांक रहे हैं अऊर हमरे पईसा को ऊ धुंआ में उड़ा रहे हैं. हम उसके सामने जाकर खडा हो गए, घूर कर देखे अऊर चल दिए. ऊ आदमी घबरा गया अऊर नजर बचाकर गली में गायब हो गया.

चन्द्रसेखर जी... हमरे वरिष्ठ सहकर्मी... अब रिटायर हो गए. अपना उसूल पर चलने वाले आदमी. किसी के दबाव में काम नहीं करते थे. अगर ऊ ऑफिस जा रहे हैं अऊर आपको भी ओही साइड जाना है तो आपको गाडी में बइठा लेंगे. आपको आपके ओफिस के गेट तक छोड़ेंगे. ई नहीं कि मोड तक पहुंचा कर कहेंगे कि चले जाइए, हमको आगे जाना है. एक बार हमको बोले थे कि मेरा उसूल है कि या तो हम लिफ्ट देते नहीं है और देते हैं तो पहुंचाकर ही छोड़ते हैं, आधे रास्ते में नहीं. उनके उसूल में से एक उसूल इहो था कि रास्ता में सिग्नल पर भीख माँगने वाला कोनो भिखारी को भीख नहीं देते थे. हमरे जईसा कोनो घटना के कारन हो सकता है कि उनको ई सिद्धांत लेना पड़ा होगा.
बिजयलक्ष्मी जी रोज उनके साथ ऑफिस जाती थीं. रोज के तरह ऊ दिन भी ऊ चन्द्रसेखर जी के साथ गाड़ी में जा रही थीं. एक जगह सिग्नल पर गाड़ी रुका. ऊ देख रही थीं कि थोड़ा दूर पर एगो आदमी पुराना कोट-पैंट पहने हुए भीख मांग रहा था. जाड़ा के दिन में कोट पहिनकर भीख मांगना कोनो आदमी को आस्चर्ज में डाल सकता था. मगर उसके बाद जो हुआ, ऊ त घोर आस्चर्ज वाला घटना था. रुका हुआ गाडी देखकर, ऊ भिखारी चन्द्रसेखर जी के गाडी के पास आया. चन्द्रसेखर जी गाडी का सीसा नीचे रोल किये अऊर पाकिट से दस रुपया का नोट निकाल कर उसके हाथ में दिए. सिग्नल हरा हो गया था अऊर गाड़ी आगे निकल गया.

बहुत समझदार आदमी थे अऊर बहुत संतुलित बात करते थे. ऊ भांप गए कि बिजयलक्ष्मी जी के माथा में बार-बार ई सवाल उठ रहा है कि जो आदमी कोनो भिखारी को एक पैसा नहीं देते है, ऊ कोट-पैंट पहनने वाला भिखारी को दस रुपया कइसे दे दिए.
मुस्कुराकर ऊ पूछे, “क्या सोच रही हो विजय लक्ष्मी? मैंने उस भिखारी को पैसे क्यों दिए!”
“सर! आपने देखा नहीं. वो तो कपडे से भी भिखारी नहीं लग रहा था.”
“वो कैसे!”
“उसने तो कोट-पैंट पहन रखा था.”
“हाँ! पिछली सर्दियों में मैंने ही उसे ये कोट-पैंट दिया था, यह कहकर कि इसे पहनना. वो चाहता तो इसे बेचकर नशा कर लेता. मगर उसने मेरी भीख को दान समझकर अपना लिया.”

का मालूम ई भेस में ऊ भिखारी का धंधा कैसा चलता होगा.
बहुत सा लोग जो ई घटना नहीं जानता होगा, ऊ लोग उसको ढोंगी समझता होगा.
या सचमुच ऊ दरिद्र-नारायण था.

रविवार, 12 फ़रवरी 2012

और इक साल गया!!


आज एगो बहुत पुराना खिस्सा याद आ गया. गर्मी के दुपहरिया में एगो पेड़ के नीचे तीन आदमी थक कर आराम कर रहा था. पहिला मौलवी, दोसरा पंडित अऊर तीसरा कोनो दुकानदार था. ओही पेड़ पर एगो चिड़िया भी सुस्ता रही थी. अचानक चिड़िया बोली टिर्र, टिर्र, टिर्रक. आग जइसा गर्मी में चिड़िया का बोली का मिठास सुनकर तीनों आदमी परसन्न हो गया. सबसे पहिले मौलवी साहब बोले, “देखो परिंदा कह रहा है, खुदा की कुदरत!”
पंडित जी टोक दिए, “क्या बात करते हैं आप, ये कह रहा है राम, लक्षमन, भरत!”
दोकानदार बोला कि चिड़िया को धरम-करम से का मतलब ऊ त बोल रहा है “नून, तेल, अदरख!”
खिस्सा खतम. बड़ा होने पर ई कहानी से हमको एही समझ में आया कि आदमी आपना पेसा के हिसाब से सब चीज को देखता है. याद है न आपको फिलिम मुन्नाभाई, एम्.बी.बी.एस. में डॉक्टर अस्थाना पेसेंट को सब्जेक्ट बोलता था, जबकि मुन्नाभाई कहता था कि ऊ आनंद बैनर्जी है, सब्जेक्ट नहीं.

एगो कागज़ पर अंगरेजी का अच्छर AC लिखकर हमको देखाइयेगा, त हम कहेंगे कि इसका मतलब होता है अकाउंट, बैंकर हैं ना. मगर कोनो दोसरा आदमी बोलेगा कि इसका मतलब होता है एयर कंडीसन. “मेमोरी” सब्द का माने, कंप्यूटर वाला के लिए और मनोवैज्ञानिक के लिए अलग-अलग होता है.

एगो नौजबान इस्मार्ट ब्लॉगर, एक रोज अपना प्रेमिका से मिलने गया, त ऊ बहुत दुलार से सिकायत करते हुए बोली, “हमारा त गली में निकलना मोसकिल हो गया है. लड़का लोग बहुत कमेन्ट करता है!” ई बात बताते हुए उसका ओठ पर मुस्कान साफ़ देखाई दे रहा था. मगर ऊ ब्लॉगर साहब चौंक कर बोले, “कमाल है! दिन भर में कितने कमेन्ट मिल जाते हैं तुम्हें?”
लड़की लजा गयी अऊर बोली, “कभी-कभी त बहुत गंदा कमेन्ट भी करता है सब!”
“पागल हो तुम भी! मॉडरेशन क्यों नहीं लगाती!”
ई जवाब सुनने के बाद लड़की का ज्ञान-चक्छू खुला अऊर उसको समझ में आया कि ऊ कार का बात कर रही थी और ब्लॉगर प्रेमी बेकार का बात किये जा रहा था.
(आचार्य परशुराम राय जी के आग्रह पर)

अब देखिये न, पीछे हम बेंगलुरु वाला पोस्ट पर अपना, उत्साही जी अऊर करण बाबू का फोटो लगाए थे. सबलोग ऊ फोटो देखा अऊर बहुत प्यारा-प्यारा बात भी लिखा. मगर डॉ. कौशलेन्द्र जी का नजर कहीं अऊर था. हमरे फोटो के बारे में उनका मेल हमको आया:
सलिल भैया जी नमस्कार ! 
बेंगलुरु प्रवास में उत्साही जी के साथ खीचे गए आपके चित्र का अवलोकन किया. मेरी चिकित्सकीय दृष्टि को आपके स्वास्थ्य में कुछ गड़बडी दिखाई दी....आप पहले भी कुछ अस्वस्थ्य थे? क्या बात है? कहीं लम्बे समय तक कोर्टीज़ोन तो नहीं लिया था? 
मेल में डॉक्टर साहब का मोबाइल नंबर भी था. उनसे बतियाए अऊर बताए कि आपका नजर सचमुच पारखी है. हमरा आँख देखकर यही बात हमारा डॉक्टर भी हमको बोला था. मगर सर्दी अऊर अनिद्रा के कारन आपको अईसा लगा है. रहा बात कोर्टिज़ोन का, त हमको जब टेनिस एल्बो का जबरदस्त समस्या हुआ था, तब डॉक्टर कहा था इंजेक्ट करने के लिए, मगर हम मना कर दिए. हमरे पिताजी का इसी के मारे बहुत बुरा हाल हुआ था. हम त परहेज से कंट्रोल में किये है. मगर जब दू गो डॉक्टर, एक्के बात कहा है, त एक बार जांच करवा लेते हैं. का मालूम मामला सच्चो सीरियस हो!

डॉक्टर कौशलेन्द्र जी के इस मेल से पहिला बात त ई किलियर हो गया कि हमरा चिंता करने वाला लोग ई आभासी दुनिया में भी है. दोसरा बात कि हमको अब अपना उमर के साथ-साथ अपना स्वास्थ के बारे में भी चिंता करना चाहिए. आखिर मेडिकल साइंस भी कोनो चीज है दुनिया में. खाली दुआ से त काम नहींए चलता है.

हम आजतक एही मानते आए हैं कि हमरे साथ, हमरी माता जी का आसीरबाद अऊर आप सब दोस्त लोग का सुभकामना भी है. अईसे में कोनो रोग-बलाए हमरा का बिगाड़ सकता है. मगर अब समय है चेत जाने का, उमर के साथ. डॉक्टर साहब! जांच करवाकर, रिपोर्ट के साथ आपसे बात करते हैं.
मगर आप लोग कहाँ जा रहे हैं. खेला अभी खतम नहीं हुआ है. आज त हमको आप सब लोग का दुआ, आसिरबाद अऊर सुभकामना का सबसे अधिक जरूरत है. अरे, आज हमरा जनम-दिन है भाई!

बुधवार, 8 फ़रवरी 2012

पुरुष-ब्लॉगर पर मेरी डेब्यू फिल्म का प्लॉट


(रश्मि रविजा जी ने अपनी नवीनतम पोस्ट पर एक सवाल उठाया था कि “क्यूँ मुश्किल है पुरुष ब्लॉगर परफिल्म बनाना?” उनके साथ फेसबुक पर कुछ कमेंट्स के आदान-प्रदान हुए और हाज़िर है यह जवाब कि बहुत आसान है एक पुरुष ब्लॉगर पर फिल्म बनाना, मगर किसी ने कोशिश नहीं की. आवश्यकता है एक प्रोड्यूसर की. यहाँ पेश है फिल्म का प्लाट!)

रात भर प्रसव पीड़ा के बाद, भोर में जाकर एगो पोस्ट का जनम हुआ, तब हम सोने जा सके. अब भोर में चार बजे नींद आना भी संभव नहीं था अऊर कोनो साथी ब्लोगर का कमेन्ट आने का संभावना भी नहीं था. ब्लॉग खोलकर कमेन्ट का इंतज़ार करने से अच्छा था कि नींद का इंतज़ार किया जाए. मगर अबकी बहुत उम्मीद था कि ऐसा पोस्ट पर त कमेन्ट का बरसात होने वाला है. अईसा बिसय त पहले कोनो नहीं ट्राई किया होगा ई ब्लॉग जगत में.

एही चिंता-सोच-बिचार में कब आँख लग गया बुझएबे नहीं किया. नींद खुला जाकर साढ़े आठ बजे. गुसियाकर पत्नी को बोले कि हमको उठाई काहे नहीं. पत्नी भी सीधा पलटकर बोली,”ए जी! आप रात भर लैपटॉप में माथा फोड़ते रहते हैं अऊर जब सुबह हम उठाते हैं त का मालूम का-का बडबडाते रहते हैं... टिप्पणी, बुलेटिन, मीट, कमेन्ट... हम त जानकर छोड़ दिए सोने के लिए कि आपका माथा हल्का हो जाएगा!”

जल्दी-जल्दी तैयार होकर ऑफिस भागे. तनी जल्दी उठ जाते, त देख पाते कि केतना कमेन्ट आ गया पोस्ट पर. घर से गेट पर आए, त सामने रेक्सा देखाई दिया. जब तक इसारा करते, एगो आदमी आकर बइठ गया रेक्सा पर. भुनभुनाते हुए पैदल चल दिए मेट्रो इस्टेसन के तरफ. जाड़ा के मौसम में भी पसीना निकल गया. लगता था कि पूरा मोहल्ला का रेक्सा वाला अपोजिसन पार्टी के तरह हमरे खिलाफ हो गया है. कोनो खाली नहीं. आखिर में एगो रेक्सावाला मिला त उसका चाल मत पूछिए... तौबा ये मतवाली चाल. पाँच मिनट का रास्ता, दस मिनट में.

भागते हुए मेट्रो इस्टेसन के सीढ़ी चढ़कर जब सिकुरिटी के सामने पहुंचे, तब याद आया कि आज हडबडी में मेट्रो का कर्डवा घरे छूट गया. मने मन कुढते हुए टोकन के लाइन में खडा हुए अऊर जबतक टोकन लेकर प्लेटफार्म पर पहुंचे, तबतक ०९:२६ का मेट्रो निकल गया था. अब ०९:३१ वाला मिलेगा अऊर दस मिनट देरी से पहुंचेगे ऑफिस. पाँच मिनट फोन करके बताने में निकल गया कि तनी देरी होगा. एही चक्कर में ट्रेन आ गया. अंतिम डिब्बा के सामने खड़े थे कि ऊ एकदम एस्केलेटर के सामने रुकता है. गाड़ी आने के साथ-साथ सब लोग आगे भागने लगा. कारन ई था कि छः डिब्बा के गाड़ी के जगह ऊ चार डिब्बा वाला गाड़ी था, जो आगे जाकर खडा होता था. भागते-भागते चढ त गए गाड़ी में, बाक़ी जेतना आक्सीजन कमाए थे, सब गंवा दिए अऊर अंदर का भीड़ में ऊहो कम्पेंसेट होने का संभाबना कम्मे था. तनी गोड़ धरने का जगह मिला त सोचे कि मोबाइल पर एक बार देख लें कि केतना कमेन्ट आया है. ब्लॉग खुलने लगा अऊर जैसहीं स्क्रोल करके कमेन्ट तक पहुँचाने वाले थे कि सिग्नल गायब हो गया. लौट के बुद्धू घर को आये. उसके बाद त जेतना भी कोसिस किये, सब बेकार. हमरा इस्टेसन भी आइये चला था. बुझाया कि अब ओफ़िसे में जाकर देख पायेंगे.

पहुंचते ही टेबुल पर हेड ऑफिस का एगो लेटर रखा था अर्जेंट बोलकर. दिसंबर क्वार्टर का अलगे-अलगे फिगर देना था. इधर उधर से फोन करके सब हिसाब-किताब मंगाए, जोड़-घटाव किये तब जाकर रिपोर्ट भेजाया हेड ऑफिस. एही बीच में चार बार ओहाँ से फोन आ चुका था. तनी साँस लिए, चाय मंगवाकर पिए अऊर सोचे कि अब तनी समय चोराकर देखते हैं. अभी मोज़िला क्लिक भी नहीं किये थे कि गोड्जीला हमरे सामने आकर बैठ गया. गोड्जीला माने हमरा बॉस. “वर्मा जी, उस पावर प्रोजेक्ट के सिलसिले में आज कंपनी के प्रोमोटर आने वाले हैं. ब्रीफ मीटिंग है. देख लीजिए क्या-क्या इश्यूज हैं! बस वो आने ही वाले होंगे!”
“पावर प्रोजेक्ट तो कोई नहीं है अभी?”
“अरे वो हाइवे वाला.”
“वो तो रोड प्रोजेक्ट है ना!”
“हाँ हाँ वही! एक ही बात है!”
अब हम का बहस करते. लगे नोट्स तैयार करने. मीटिंग हुआ, कुछ नोर्मल अऊर कुछ गरम.
अभी तक मौक़ा नहीं था कि ब्लॉग देख सकें. लंच का टाइम हो गया अऊर सब लोग जबरदस्ती ले गया कैंटीन में. खाना खाकर तनी इत्मिनान हुआ. सोचे अब कोनो डिस्टर्बेंस नहीं होगा, मगर पता चला कि नेट डाउन है अऊर सर्किल ऑफिस में लोग ठीक करने में लगा है. सायद इंट्रानेट चल जाएगा, मगर इंटरनेट नहीं चलेगा. हम कपार धरकर बईठ गए. सोच लिए कि आज अब हम घर जाने के बादे देखेंगे.

घर में त ऑफिसो से भयंकर माहौल था. सिरीमती जी आज चंडिका के रूप में थी. आते ही दरवाजा पर से हमरा बैग उठाते हुए बोली, “ई इस्कूल की टीचर सब भी का मालूम का-का प्रोजेक्ट देते रहती हैं. ई सब हमसे नहीं होगा. बाज़ार से समान ला दिए हैं. कल्हे इस्कूल में देना है. अब आप ही बनवाइए!” प्रोजेक्ट बनवाने में रात का नौ बज गया. खाना खाकर करीब साढ़े दस बजे जब इंटरनेट पर ब्लॉग खोल कर बैठे, त देखे कि ओहाँ बबाल मचा हुआ था.


हमरा मामूली सा बात, जो हम मजाक में लिखे थे अऊर उम्मीद कर रहे थे कि ई मजाक का लोग आनंद लेगा अऊर अपना टिप्पणी का बारिस कर देगा, ऊ त पूरा का पूरा उलटा हो गया. अब सफाई देने बैठेंगे त पूरा रात निकल जाएगा. कुल मिलाकर चौबे-छब्बे अऊर दुबे वाला खेला हो गया.

घबराहट में चैतन्य बाबू को फोन लगाए अऊर पूछे कि कोनो उपाय बताइये ई बैतरनी पार करने का. ऊ बोले, “अभी तो ग्यारह बजे हैं. एक सुन्दर सी पोस्ट लिखकर सारी बात साफ़ कर दीजिए. आपके पुराने पढ़ने वाले हैं, समझ जायेंगे!”
हम लैपटॉप लेकर बैठ गए पोस्ट लिखने अऊर उधर हमरी सिरीमती जी का गाना बैकग्राउंड में चल रहा था – ना जाओ सैयाँ, छुडा के बइयाँ, कसम तुम्हारी मैं रो पडूँगी!”